यमन पर सऊदी  अरब के 20 हवाई हमले, सनआ में प्रदर्शन
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i20356-यमन_पर_सऊदी_अरब_के_20_हवाई_हमले_सनआ_में_प्रदर्शन
यमन पर एक साल से ज़्यादा समय से जारी सऊदी अरब के हमले के ख़िलाफ़ राजधानी सनाआ में प्रदर्शन हुआ। गुरुवार को आयोजित प्रदर्शन में यमनी जनता ने इस देश पर सऊदी अरब के जारी अतिक्रमण के ख़िलाफ़ अपना रोष व्यक्त किया।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug १२, २०१६ ०४:२५ Asia/Kolkata
  • 3 जून 2016 को राजधानी सनआ में सऊदी अरब के हमले की निंदा में आयोजित प्रदर्शन में शामिल यमनी जनता
    3 जून 2016 को राजधानी सनआ में सऊदी अरब के हमले की निंदा में आयोजित प्रदर्शन में शामिल यमनी जनता

यमन पर एक साल से ज़्यादा समय से जारी सऊदी अरब के हमले के ख़िलाफ़ राजधानी सनाआ में प्रदर्शन हुआ। गुरुवार को आयोजित प्रदर्शन में यमनी जनता ने इस देश पर सऊदी अरब के जारी अतिक्रमण के ख़िलाफ़ अपना रोष व्यक्त किया।

गुरुवार को यमन के स्वयंसेवी बल अंसारुल्लाह के दर्जनों सदस्य हाथों में यमनी झंडा और सऊदी अरब के अतिक्रमण की निंदा पर आधारित बैनर लिए हुए थे। यमनी जनता ने सऊदी अरब के हमले का दृढ़ता से मुक़ाबला करने का संकल्प लिया।

 

अंसारुल्लाह के एक फ़ाइटर बाकिल अल-क़तवानी ने सऊदी अरब के 16 महीनों से यमन पर जारी हमले के ख़िलाफ़ रैली का उद्देश्य, सऊदी अरब के अतिक्रमण और इस देश के फ़रारी पूर्व राष्ट्रपति मंसूर हादी के समर्थकों के ख़िलाफ़ विभिन्न मोर्चों पर लड़ रहे जियालों के प्रति समर्थन दर्शाना बताया।

इस बीच यमनी सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार तड़के सऊदी युद्धक विमानों ने राजधानी सनआ के कई इलाक़ों सहित दूसरे स्थान पर लगभग 20 हवाई हमले किए।

11 अगस्त 2016 को सनआ में सऊदी हवाई हमले में तबाह हुए घर को देखते यमनी बच्चे

 

सूत्र ने बताया कि सऊदी युद्धक विमानों ने सनआ के केन्द्रीय भाग अन-नहदैन पर 3 हवाई हमले किए और दो हवाई हमले सबाहा सैन्य छावनी पर किए जो राजधानी सनआ के उपनगरीय भाग में स्थित है।

इसी प्रकार सऊदी युद्धक विमानों ने शरआ ज़िले और यमन की 62वीं बटालियन के कैंप पर 7 बार हमले किए।

सऊदी युद्धक विमानों ने सअफ़ान ज़िले में एक पुल को बमबारी से तबाह कर दिया जिसमें एक बच्चा और तीन औरतें घायल हुयी हैं।

सऊदी युद्धक विमानों ने यमन के पश्चिमी प्रांत महवीत के बनी सअद ज़िले में स्थित पुल पर 2 बार बमबारी की जिससे राजधानी सनआ और बंदरगाही शरह हुदैदा का संपर्क टूट गया।

इसी प्रकार सऊदी युद्धक विमानों ने सनआ के दक्षिण-पूर्वी उपनगरीय क्षेत्र में स्थित सनहान गांव के बाहर पहाड़ी क्षेत्र पर तीन हवाई हमले किए जिसमें रिपोर्ट मिलने तक किसी प्रकार की जानी और माली नुक़सान की कोई ख़बर नहीं थी।

 

ग़ौरतलब है कि कुवैत में संयुक्त राष्ट्र संघ की मध्यस्थता से यमनी पक्ष और पूर्व फ़रारी राष्ट्रपति मंसूर हादी के प्रतिनिधियों के बीच  बातचीत नाकाम होने के बाद यमन संकट पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गयी है।

सऊदी अरब 26 मार्च 2015 से यमन पर हमले कर रहा है जिसमें हज़ारों की संख्या में बेगुनाह यमनी नागरिक हताहत व घायल हुए। (MAQ/N)