यमन युद्ध सऊदी अरब की सीमाओं में जारी हैः रूस
यमन में रूस के राजदूत ने कहा है कि यमन का युद्ध इस समय सऊदी अरब की सीमाओं के भीतर जारी है।
सनआ में नियुक्त रूस के राजदूत विलादिमीर दीदोशकन ने यमन की राजनैतिक व सुरक्षा स्थिति पर गहरी चिंता प्रकट करते हुए कहा है कि इस समय युद्ध, सऊदी अरब की सीमाओं के भीतर तक खिंच गया है। उन्होंने यमन पर सऊदी अरब के हमलों में वृद्धि की ओर संकेत करते हुए कहा कि यमन की सुरक्षा स्थिति अधिक बिगड़ जाने से इस देश के संकट के राजनैतिक समाधान का मार्ग अधिक कठिन व जटिल हो गया है। यमन में रूस के राजदूत ने कहा कि खेद की बात है कि इस चरण में यमन में राजनैतिक व सुरक्षा स्थिति जटिल हो गई है। उन्होंने कहा कि माॅस्को की मांग है कि एेसे हर एकपक्षीय क़दम से दूर रहा जाए जिससे राजनैतिक प्रक्रिया का भविष्य तबाह हो सकता हो।
फ़्रान्स प्रेस ने रिपोर्ट दी है कि सोमवार को सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने उत्तर पश्चिमी हज्जा प्रांत के एक अस्पताल पर हमला किया जिसमें 6 व्यक्ति मारे गए और 20 अन्य घायल हो गए। रविवार को भी सऊदी गठजोड़ के लड़ाकू विमानों ने सअदा प्रांत में क़ुरआने मजीद हिफ़्ज़ करने के एक मदरसे को निशाना बनाया था जिसमें 13 बच्चे हताहत और 18 घायल हो गए थे। (HN)