यमन में सत्ता, राजनैतिक परिषद के हवाले हुयी
यमन में संसद के फ़ैसले से सत्ता, उच्च क्रांतिकारी परिषद से उच्च राजनैतिक परिषद को हस्तांतरित कर दी गई है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार सनआ में राष्ट्रपति भवन में अंसारुल्लाह संगठन के नेतृत्व वाली उच्च क्रांतिकारी परिषद से उच्च राजनैतिक परिषद को सत्ता हस्तांतरित करने का कार्यक्रम आयोजित हुआ। उच्च राजनैतिक परिषद के सदस्यों ने रविवार को संसद में शपथ ग्रहण की थी। इस कार्यक्रम में संसद सभापति यहया अली राई, न्यायिक परिषद के प्रमुख अब्दुल मलिक अग़बरी, कई मंत्री और प्रतिनिधि सभा व संसद के सदस्य उपस्थित थे।
यमन की उच्च राजनैतिक परिषद के प्रमुख सालेह अली सम्माद ने इस अवसर पर कहा कि सत्ता का हस्तांतरण, यमन के पुनर्निर्माण और सऊदी-अमरीकी दुशमन से मुक़ाबले की राह में एक अहम व सकारात्मक क़दम है। उन्होंने कहा कि यह सहमति सऊदी-अमरीकी गठजोड़ के प्रयासों को विफल बना देगी जो यमन पर लगे प्रतिबंधों को जारी रखना चाहता है।
ज्ञात रहे कि यमन की संसद ने डेढ़ साल तक बंद रहने के बाद अंसारुल्लाह संगठन और जनकांग्रेस पार्टी के आहवान पर, बैठक की और उच्च राजनैतिक परिषद के गठन के प्रस्ताव को पारित किया। इस बीच रूस ने यमन में उच्च राजनैतिक परिषद को औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया है जो सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठजोड़ के लिए एक तगड़ा झठका समझा जा रहा है। (HN)