इराक़ के नए मंत्री मंडल की प्राथमिकताएं
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i21070-इराक़_के_नए_मंत्री_मंडल_की_प्राथमिकताएं
इराक़ के मंत्री मंडल ने काफ़ी समय के बाद बैठक की है जिसमें उसने अपनी प्राथमिकताओं का निर्धारण किया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug १९, २०१६ १२:३८ Asia/Kolkata

इराक़ के मंत्री मंडल ने काफ़ी समय के बाद बैठक की है जिसमें उसने अपनी प्राथमिकताओं का निर्धारण किया है।

इराक़ इन दिनों अत्यंत संवेदनशील चरण से गुज़र रहा है। लगभग दो साल से इराक़ की संप्रभुता को गंभीर ख़तरों का सामना है। इसी बात के दृष्टिगत हैदर अलएबादी की सरकार ने पिछले साल से आतंकी गुट दाइश से गंभीर संघर्ष पर ध्यान केंद्रित किया और उसने अलअंबार प्रांत के अधिकतर भाग दाइश के क़ब्ज़े से मुक्त करा लिए। अब इराक़ी सरकार दाइश के क़ब्ज़े वाले सबसे अहम शहर मूसिल को मुक्त कराने पर अपना ध्यान केंद्रित किए हुए है। इसी परिप्रेक्ष्य में मंत्रीमंडल की ताज़ा बैठक में, जिसमें कई नए मंत्री भी शामिल हुए, प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने कहा कि जारी वर्ष के अंत तक देश के सभी क्षेत्र दाइश के आतंकियों से मुक्त करा लिए जाएंगे। इस आधार पर इराक़ के नए मंत्री मंडल की पहली प्राथमिकता आतंकवाद से संघर्ष है।

 

इराक़ के नए मंत्री मंडल ने भ्रष्टाचार से मुक़ाबले को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। वस्तुतः पिछले एक साल में इराक़ में भ्रष्टाचार से संघर्ष के लिए जनता ने कई बार प्रदर्शनों और धरनों का आयोजन किया जिसके चलते राजनैतिक स्थिति जटिल हो गई। इराक़ के अनेक सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। यही कारण है कि जनता और कई राजनैतिक गुट, सरकार की ओर से भ्रष्टाचार से कड़ाई से निपटने की मांग कर रहे हैं लेकिन भ्रष्टाचार में लिप्त प्रभावी लोगों, धड़ों और संस्थाओं के चलते सरकार का मार्ग बहुत कठिन है।

 

इराक़ के नए मंत्री मंडल की एक प्राथमिकता देश के बजट का निर्धारण है। प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी के अनुसार मंत्री मंडल ने वर्ष 2017 के लिए 82 अरब डाॅलर के बजट का मसौदा तैयार कर लिया है। निश्चित रूप से देश के विभिन्न विभागों में बजट का बंटवारा, एेसा महत्वपूर्ण विषय है जिस पर इराक़ का नया मंत्री मंडल अधिक गंभीरता से ध्यान केंद्रित करेगा। (HN)