यमन राजनैतिक स्थिरता की ओर एक क़दम और बढ़ा
यमन के सांसदों ने इस देश की स्थिति की समीक्षा की है।
समाचार एजेंसी सबा के अनुसार, यमनी सांसदों की इस बैठक में संसद की आर्थिक कमेटी के प्रमुख अली लुत्फ़ अस्सौर सहित दूसरी कमेटियों के प्रमुख भी उपस्थित हुए, जिसके दौरान यमन की आर्थिक स्थिति की समीक्षा हुयी।इसी प्रकार यमनी सांसदों ने देश में शांति व स्थिरता लाने तथा एकता की रक्षा के लिए सभी दलों की भागीदारी पर बल दिया। इस रिपोर्ट के अनुसार, सांसदों की बैठक में यह तय पाया है कि अगले हफ़्ते से सांसद आधिकारिक रूप से राजधानी सनआ में संसद के सत्र में हाज़िर होंगे। ज्ञात रहे कि यमन की संसद में, इस देश पर सऊदी अरब के 26 मार्च 2015 से जारी अतिक्रमण के कारण डेढ़ साल तक बंद रहने के बाद, पिछले हफ़्ते काम-काज फिर से शुरू हुआ।
इस बीच एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी युद्धक विमानों ने सोमवार तड़के राजधानी सनआ पर हमला किया जिसमें 2 आम नागरिक हताहत और 12 अन्य घायल हुए। इसी प्रकार सऊदी युद्धक विमानों ने राष्ट्रपति भवन के आस-पास और जबलुन नहदैन इलाक़े पर बमबारी की। ज्ञात रहे कि यमन पर सऊदी अरब के जारी अतिक्रमण में अब तक हज़ारों बेगुनाह नागरिक हताहत व घायल हुए हैं जबकि यमन के बुनियादी ढांचे का बहुत बड़ा भाग तबाह हो चुका है। (MAQ/N)