इराक़ ने दाइश के ख़िलाफ़ अंतर्राष्ट्रीय मदद बढ़ाने की मांग की
इराक़ ने आतंकी गुट दाइश के ख़िलाफ़ लड़ाई में अंतर्राष्ट्रीय मदद बढ़ाने की मांग की है।
सूमरिया न्यूज़ के अनुसार इराक़ी विदेश मंत्री इब्राहीम जाफ़री ने बग़दाद में संयुक्त राष्ट्र संघ के अधिकारी जॉर्ज बोस्टन से सोमवार को मुलाक़ात में देश की ताज़ा राजनैतिक व सुरक्षा स्थिति और दाइश के ख़िलाफ़ कार्यवाही के संबंध में विचार विमर्श किया। उन्होंने कहा कि दाइश के ख़िलाफ़ इराक़ की जीत सभी राष्ट्रों की जीत है इसलिए विश्व समुदाय को इस मार्ग में बग़दाद की मदद करनी चाहिए। इब्राहीम जाफ़री ने कहा कि इराक़, दाइश के ख़िलाफ़ निर्णायक जंग में पहुंच गया है और उसके सामने कठिन आर्थिक स्थिति भी है इसलिए इस मार्ग में विश्व समुदाय के और योगदान की ज़रूरत है।
इस मुलाक़ात में संयुक्त राष्ट्र संघ के अधिकारी जॉर्ज बोस्टन ने बल दिया कि संयुक्त राष्ट्र संघ इराक़ का समर्थन करने और आतंकवाद को ख़त्म करने तक मानवीय सहायता मुहैया करने पर प्रतिबद्ध है। जॉर्ज बोस्टन ने दाइश के ख़िलाफ़ लड़ाई में इराक़ी फ़ोर्सेज़ की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई और इराक़ में स्थिरता लाने के लिए इस देश के साथ मिल कर कोशिश कर रहा है। (MAQ/N)