सीरिया में सैन्य कार्यवाही जारी रखने पर तुर्की का बल
तुर्की के राष्ट्रपति ने कहा है कि उत्तरी सीरिया में सैन्य कार्यवाही जारी रहेगी।
रजब तय्यब अर्दोग़ान ने कहा, “उत्तरी सीरिया में सभी आतंकवादी गुटों के विनाश तक सैन्काय र्यवाही जारी रखेंगे।” उन्होंने तुर्की की पीपल्ज़ रिपब्लिकन पार्टी के अध्यक्ष कमाल क़लीचदार ओग़लू पर जानलेवा हमले की कोशिश को उत्तरी सीरिया में तुर्की की जारी लड़ाई से संबंधित बताया। अर्दोग़ान ने कहा, “हमने जराबलस कार्यवाही शुरू की है। उन्होंने भी तुर्की में अपनी आतंकी कार्यवाही शुरू की है। पिछले दिन उन्होंने पीपल्ज़ रिपब्लिकन पार्टी के अध्यक्ष क़लीचदार ओग़लू पर आर्तवीन शहर में जानलेवा हमले की कोशिश की।”
तुर्क राष्ट्रपति ने कहा, “इस पृथकतावादी आतंकवादी गुट ने काफ़ी समय से मोर्चे बना रखे हैं ताकि कुछ क्षेत्रों पर क़ब्ज़ा कर ले किन्तु उसके षड्यंत्र को हमने नाकाम बना दिया और अब वह बदला लेने के प्रयास में है।” ज्ञात रहे कि तुर्की ने सीरिया की सरकार की इजाज़त के बिना उत्तरी सीरिया में यह हमले शुरू किए हैं जिस पर सीरियाई विदेश मंत्रालय ने कहा है कि तुर्की का लक्ष्य दाइश से लड़ना नहीं है बल्कि वह सीरिया में दाइश के स्थान पर दूसरे आतंकवादी गुटों को लाना चाहता है। (MAQ/N)