तुर्की के दियारबिक्र एयरपोर्ट पर मीज़ाईल से हमला
-
दियारबिक्र एयरपोर्ट (फ़ाइल फ़ोटो)
तुर्की के मुख्य दक्षिण-पश्चिमी शहर दियारबिक्र के एयरपोर्ट पर मीज़ाईल से हुए हमले से अफ़रा-तफ़री मच गयी और स्टाफ़ के लोग सुरक्षित स्थान के लिए इधर-उधर भागने लगे।
यह हमला शनिवार देर रात हुआ। इस हमले में एयरपोर्ट के बाहर पुलिस चौकी पर 4 मीज़ाईल लगे।
दियारबिक्र के राज्यपाल हुसैन अक्सॉय ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही कोई उड़ान रद्द हुयी।
रिपोर्ट मिलने तक किसी गुट ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली थी लेकिन इसके पीछे कुर्द मिलिटेंट्स पर संदेह जताया जा रहा है।
दियारबिक्र शहर पीकेके के हमलों का मुख्य केन्द्र हैं। पीकेके तुर्की के दक्षिण-पूर्व में एक स्वाधीन कुर्द क्षेत्र के लिए 1984 से लड़ रहा है।
पिछले कई महीनों से अंकारा सरकार देश की दक्षिणी सीमा पर पीकेके के ख़िलाफ़ व्यापक स्तर पर अभियान में लगी हुयी है।
तुर्क सेना इराक़ की संप्रभुता का उल्लंघन करते हुए इस देश उत्तरी भाग में पीकेके के ठिकानों पर भी हमले कर रही है।
यह हमला, तुर्क सेना द्वारा सीरिया में की गयी घुसपैठ के कुछ दिन के भीतर हुआ। अंकारा का कहना है कि सीरिया में उसने आकास्मिक हमला दाइश और कुर्द मिलिटेंट के ख़िलाफ़ शुरु किया है जिस पर सीरियाई विदेश मंत्रालय ने कहा है कि तुर्की का लक्ष्य दाइश से लड़ना नहीं है बल्कि वह सीरिया में दाइश के स्थान पर दूसरे आतंकवादी गुटों को लाना चाहता है।
शनिवार को ही उत्तरी सीरिया के जराबलस क़स्बे में तुर्क टैंक पर रॉकेट से हमला हुआ, जिसमें एक तुर्क सैनिक मारा गया और 3 अन्य घायल हुए।
रिपोर्ट के अनुसार जराबलस के निकट तुर्क सैनिकों द्वारा टैंकों से दो गावों को घेरने के बाद तुर्क सैनिकों और कुर्द फ़ोर्सेज़ के बीच भीषण लड़ाई हुयी। (MAQ/N)