इराक़ में सऊदी अरब के राजदूत को हटाने की मांग
इराक़ में तैनात सऊदी अरब के राजदूत के विवादास्पद बयानों और हस्तक्षेपपूर्ण कार्यवाहियों के बाद बग़दाद ने रियाज़ से मांग की है कि वह किसी अन्य व्यक्ति को अपना राजदूत बना कर भेजे।
बग़दाद में सामिर सबहान की तैनाती को अभी एक साल भी नहीं हुआ है लेकिन इराक़ी सरकार ने रियाज़ से उन्हें हटाने की मांग की है। दिसम्बर वर्ष 2015 में इराक़ में सऊदी अरब का दूतावास पुनः खोला गया और तभी से सामिर सबहान ने राजदूत के रूप में इराक़ में अपनी गतिविधियां आरंभ की हैं। उन्होंने राजदूत के रूप में अपने 9 महीने के कार्यकाल में रियाज़ व बग़दाद के संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में कोई कूटनैतिक क़दम नहीं उठाया बल्कि इराक़ को कमज़ोर करने की ही कोशिश की है। सऊदी अरब के राजदूत का व्यवहार किसी भी तरह से कूटनैतिक परिधि में नहीं है जिसके कारण उन पर इराक़ में निरंतर आलोचनाएं होती रही हैं।
इराक़ सरकार ने भी कई बार उनकी गतिविधियों पर आपत्ति जताई है और अंततः रविवार की शाम उसने सऊदी अरब की सरकार को एक पत्र लिख कर औपचारिक रूप से इस बात की मांग कर डाली कि बग़दाद में तैनात अपने राजदूत सामिर सबहान को वापस बुला कर किसी अन्य व्यक्ति को उनकी जगह तैनात करे। इराक़ी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि सबहान कूटनैतिक क़ानूनों का भी पालन नहीं करते और इराक़ के आंतरिक मामलों में भी हस्तक्षेप करते हैं और यह बात इराक़ी सरकार व राष्ट्र के लिए किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। इराक़ में सऊदी अरब के राजदूत ने आतंकवाद से संघर्ष में अत्यंत प्रभावी भूमिका निभाने वाले स्वयं सेवी बल की छवि बिगाड़ने की बहुत कोशिश की है और इसी तरह इस देश में शिया व सुन्नी मुसलमानों के बीच फूट डालने का भी प्रयास किकया है। उनका ये क्रियाकलाप, रियाज़ व बग़दाद के संबंधों को बेहतर बनाने के प्रयासों से विरोधाभास रखता है और इराक़ी विदेश मंत्रालय के अनुसार इस प्रक्रिया को ठीक करने का एकमात्र तर्कसंगत मार्ग यह है कि सामिर सबहान को इराक़ में राजदूत के पद से हटा दिया जाए। (HN)