सीरिया पर तुर्की के हमले के ख़िलाफ़ राष्ट्र संघ में शिकायत
सीरिया के विदेश मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र संघ और सुरक्षा परिषद के प्रमुखों के नाम दो अलग-अलग पत्र भेज कर अपने देश के उत्तरी भाग पर तुर्की के हमले की निंदा की है।
सीरियाई विदेश मंत्रालय ने इन पत्रों में कहा है कि सीरिया की संप्रभुता का उल्लंघन और इस देश में सैन्य कार्यवाही, युद्ध अपराध और मानवता के विरुद्ध अपराध है। पत्रों में कहा गया है कि अमरीका, ब्रिटेन, सऊदी अरब और क़तर की ओर से तुर्की के सैन्य हमले का भरपूर समर्थन, सीरिया व संसार के अन्य देशों में आतंकवाद का खुला समर्थन है।
सीरिया की सरकार ने यह प्रतिक्रिया एेसी स्थिति में जताई है कि जब अलजज़ीरा टीवी ने बताया है कि फ़्री सीरियन आर्मी के आतंकियों ने तुर्की की सेना की ज़मीनी और हवाई सहायता से जराबलस नगर के दक्षिण व पश्चिम में स्थित 18 गांवों पर क़ब्ज़ा कर लिया है और वे मम्बिज शहर की ओर बढ़ रहे हैं। जराबलस शहर पर इससे पहले दाइश के आतंकियों का क़ब्ज़ा था और मम्बिज शहर को कुर्द बलों ने जिन्हें दाइश विरोधी अमरीकी गठजोड़ का समर्थन प्राप्त है दाइश के आतंकियों से मुक्त करा लिया है और इस समय यह शहर उनके नियंत्रण में है। (HN)