इंतेफ़ाज़ा से फ़िलिस्तीनी प्रशासन का टकराव
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i22480-इंतेफ़ाज़ा_से_फ़िलिस्तीनी_प्रशासन_का_टकराव
फ़िलिस्तीनी जनता के प्रतिरोध के ख़िलाफ़ फ़िलिस्तीनी प्रशासन की कार्यवाहियां जारी हैं और उसने इस परिप्रेक्ष्य में पश्चिमी तट में जनता के निरस्त्रीकरण की नीति को मंज़ूरी दे दी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep ०३, २०१६ १५:२७ Asia/Kolkata

फ़िलिस्तीनी जनता के प्रतिरोध के ख़िलाफ़ फ़िलिस्तीनी प्रशासन की कार्यवाहियां जारी हैं और उसने इस परिप्रेक्ष्य में पश्चिमी तट में जनता के निरस्त्रीकरण की नीति को मंज़ूरी दे दी है।

फ़िलिस्तीनी प्रशासन ने पश्चिमी तट के लोगों के निरस्त्रीकरण के लिए अवैध हथियारों के नाम से हथियार एकत्रित करने के एक कार्यक्रम को अपनी कार्यसूचि में शामिल किया है जिस पर फ़िलिस्तीनियों में बहुत अधिक रोष दिखाई पड़ रहा है। फ़िलिस्तीनी प्रशासन की पुलिस ने कहा है कि वह हथियारों की खोज में घर-घर की तलाशी लेगी ताकि लोगों और फ़िलिस्तीनी संगठनों के पास जो हथियार मौजूद हैं उन्हें जमा करवाया जा सके। फ़िलिस्तीन के प्रतिरोधकर्ता गुट हमेशा, फ़िलिस्तीनी प्रशासन द्वारा ज़ायोनी शासन के साथ सुरक्षा संबंधी सहयोग के विरोधी रहे हैं और वे इस सहयोग को ज़ायोनी विरोधी कार्यवाहियों के मार्ग में सबसे बड़ी रुकावट समझते हैं। फ़िलिस्तीनी प्रशासन के क्रियाकलाप पर एक नज़र डालने से यह बात स्पष्ट हो जाती है कि उसने सिर्फ़ ज़ायोनी शासन की विस्तारवादी,  दमनकारी और फूट डालने वाली नीतियों को आगे बढ़ाने का ही काम किया है।

 

फ़िलिस्तीनी जनता, जिसने हालिया वर्षों में अपने प्रतिरोध के चलते ज़ायोनी शासन को सैनिक व राजनैतिक मैदानों में कई बार पराजय का मज़ा चखाया है, इस अवैध शासन के मुक़ाबले में प्रतिरोध जारी रखने को ही अपने लक्ष्यों की प्राप्ति का एकमात्र मार्ग समझती है। इंतेफ़ाज़ा आंदोलन को जारी रखने के संबंध में फ़िलिस्तीनी जनता का संकल्प इस बात का सूचक है कि फ़िलिस्तीनी प्रशासन की ओर से ज़ायोनी शासन का भरपूर साथ दिए जाने के बावजूद फ़िलिस्तीन में ज़ायोनी विरोधी प्रतिरोध जारी रखने के मार्ग में तनिक भी बाधा नहीं आई है। (HN)