आतंकवादी गुट सीरिया के ऐतिहासिक धरोहरों को इस्राईल पहुंचा रहे हैं
इस्राईल के एक समाचार पत्र ने स्वीकार किया है कि दाइश के आतंकवीदी सीरिया के ऐतिहासिक धरोहरों की चोरी करके इस्राईल पहुंचा रहे हैं।
इस्राईली समाचार पत्र हारेट्ज़ ने बुधवार को अपनी एक रिपोर्ट में सद्दाम की तानाशाही सरकार के पतन के बाद इराक़ के ऐतिहासिक धरोहरों के इस्राईल स्थानांतरित और इस्राईल की दुकानों पर उनकी बिक्री की ओर इशारा करते हुए इस बात को स्वीकार किया है कि सीरिया के ऐतिहासिक धरोहर भी इस्राईल लाए जा रहे हैं।
इस रिपोर्ट के अनुसार एक समय में जब सब लोगों का ध्यान सीरिया के ऐतिहासिक और प्राचीन क्षेत्र पालमीरा पर केंद्रित था तो उपग्रह से प्राप्त चित्रों से यह पता चला था कि तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के आतंकी बड़े व्यवस्थित तरीक़े से सीरिया की ऐतिहासिक और प्राचीन वस्तुओं को लूट रहे हैं।
इस बीच इस्राईल के संग्रहालयों के एक उच्च अधिकारी ईतान कैलीन का कहना है कि आतंकवादी गुट दाइश सीरिया में स्थित ऐतिहासिक व प्राचीन स्थलों को नष्ट करने का सिलसिला जारी रखे हुए है और वह सीरिया के ऐतिहासिक धरोहरों को चुरा कर उन्हें बेच रहा है।
उल्लेखनीय है कि आतंकवादी गुट दाइश के हाथों प्राचीन और ऐतिहासिक वस्तुओं की चोरी को पूरे इतिहास में कलाकृतियों की सबसे बड़ी चोरी करार दिया जाता है और इस आतंकी गुट ने इराक़ और सीरिया के कई संग्रहालयों को लूटने के बाद उन्हें नष्ट कर दिया है और इस तरह मानव इतिहास की एक महत्वपूर्ण विरासत को नष्ट कर दिया है जो एक बहुत बड़ी त्रासदी है। (RZ)