लेबनान में दाइश का कई नामों वाला स्थानीय सरग़ना गिरफ़्तार
दक्षिण लेबनान के सैदा शहर में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के स्थानीय सरग़ना को गिरफ़्तार कर लिया गया है।
लेबनान की राजधानी बैरूत से इर्ना ने सूचना दी है कि दक्षिणी लेबनान में ऐनुल हलवा शिविर में दाइश के स्थानीय सरगना एमाद यासीन को लेबनानी सुरक्षा बल के अधिकारियों ने गिरफ़्तार कर लिया है।
ऐनुल हलवा लेबनान के सैदा शहर में फ़िलीस्तीनी शरणार्थियों का शिविर है। ऐनुल हलवा शिविर में बुधवार और गुरुवार की रात से ही फतहुश्शाम और दूसरे आतंकवादी गुटों के बीच भीषण झड़पें हो रही थीं और कैम्प में स्थित फ़िलिस्तीनी शरणार्थी भी घर बार छोड़कर वहां से भागने पर मजबूर हो गए थे।
लेबनान के एक सुरक्षा सूत्र ने बताया कि एमाद यासीन एक ख़तरनाक और ख़ूंखार आतंकवादी था जिसकी लेबनान की न्यायपालिका और सरकार दोनों को तलाश थी, एमाद यासीन को अलग-अलग नमों से भी जाना जाता था, जैसे अबु हेशाम, अबु बक्र, अबु तारिक़, अबु इसहाक़ और एमाद आक़िल।
दाइश का यह आतंकवादी ऐनुल हलवा शिविर में असाएबुल अंसार नामक आतंकवादी गुट का सरग़ना था और 2004 में इस गुट से अलग होकर उसने जुन्दुश्शाम नामक आतंकवादी गुट का गठन किया था। लेबनान के पूर्वी और पूर्वोत्तरी क्षेत्रों में जो सीरिया की सीमा पर स्थित है पिछले दो सालों के दौरान लेबनानी सेना और दाइश और जिबहतुन नुस्रा जैसे आतंकवादी गुटों के मध्य गंभीर झड़पें हो रही हैं।
उल्लेखनीय है कि लेबनान सरकार की सूझबूझ और लेबनानी सेना को हिज़्बुल्ला के प्राप्त भरपूर समर्थन के कारण क्षेत्र के कुछ अरब देशों और पश्चिमी देशों का समर्थन प्राप्त आतंकवादी गुटों को अपनी आतंकी गतिविधियों का दायरा, लेबनान के अंदर फैलाने का अवसर नहीं मिल रहा है। (RZ)