यमन ने औपचारिक रूप से ईरान से सहायता की अपील की
यमन की प्रतिनिधि सभा के प्रमुख ने आले सऊद के आपराधिक हमले रुकवाने और इस देश की आर्थिक घेराबंदी समाप्त कराने के लिए इस्लामी गणतंत्र ईरान से औपचारिक रूप से मदद की अपील की है।
यहया अली राई ने ईरान के संसद सभापति अली लारीजानी को लिखे गए पत्र में कहा है कि देश के संविधान के अंतर्गत शत्रु के अतिक्रमण से संघर्ष के लिए उच्च राजनैतिक परिषद के गठन के व्यापक जनादेश के बावजूद कुछ अरब व पश्चिमी देश अपने हितों के अंतर्गत यमन की संसद पर प्रश्न चिन्ह लगाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने यमन में शांति व स्थिरता स्थापित करने के संबंध में जनता को भ्रमित करने की अतिक्रमणकारियों की कोशिशों की ओर संकेत करते हुए कहा है कि हमलावरों ने बच्चों, महिलाओं और असैनिकों के जनसंहार के साथ ही यमन के बुनियादी ढांचे को तबाह करके यमनी जनता की पीड़ा में अपार वृद्धि कर दी है। ज्ञात रहे कि सऊदी अरब ने क्षेत्र के कुछ अरब देशों के साथ मिल कर मार्च 2015 में यमन पर हमला आरंभ किया था जिसमें अबतक हज़ारों आम नागरिक मारे जा चुके हैं। (HN)