दमिश्क़ में रूसी दूतावास पर आतंकियों का हमला
सीरिया की राजधानी दमिश्क़ में रूस के दूसावास पर आतंकियों ने मॉर्टर गोले से हमला किया।
समाचार एजेंसी फ़ार्स के अनुसार, मंगलवार को रूसी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि इस देश के दूतावास पर हमला अमरीका और उसके कुछ घटकों के व्यवहार का नतीजा है। यह ऐसा रवैया है जिससे सीरिया में रक्तरंजित झड़प की आग और भड़कती है।
रूस ने दमिश्क़ में अपने दूतावास पर इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। रूस ने इस हमले को अंतर्राष्ट्रीय अधिकार के मूल सिद्धांतों के ख़िलाफ़ बताया है।
इस रिपोर्ट के अनुसार, दमिश्क़ के जूबर इलाक़े से आतंकवादी गुट फ़त्हुश्शाम ने मॉर्टर गोले से रूसी दूतावास पर हमला किया।
दूसरी ओर अलआलम के अनुसार, आतंकवादी गुटों ने हलब के उत्तरी उपनगरीय क्षेत्र नुब्बुल और ज़हरा पर भी कई मॉर्टर गोले मारे।
संयुक्त राष्ट्र संघ में सीरिया के दूत बश्शार जाफ़री ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में आतंकवादी गुट फ़त्हुश्शाम पर अमरीका ने हमला नहीं किया क्योंकि इस गुट का अमरीका समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि अमरीका का यह दावा निरा झूठ है कि वह सीरिया में दाइश और फ़त्हुश्शाम के ख़िलाफ़ हमले कर रहा है। (MAQ/N)