कुवैत ने गिरफ़्तार किये दाइश के आतंकवादी
कुवैत के गृह मंत्रालय ने घोषणा की है कि देश में आतंकवादी गुट दाइश के कुछ सदस्यों को गिरफ़्तार किया गया है।
कुवैत के गृहमंत्रालय ने शनिवार को एक बयान जारी करके बताया है कि दाइश के जिन आतंकवादियों को गिरफ़्तार किया गया है वे कुवैत के भीतर एक बड़ी आतंकवादी कार्यवाही करना चाहते थे। इस बयान में बताया गया है कि गिरफ़्तार किये जाने वाले सभी विदेशी हैं जो कवुैत में रह रहे हैं। कुवैती बयान के अनुसार यह आतंकवादी कुवैत में अमरीकी नागरिकों की हत्या करना चाहते थे।
उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब और कवुैत सहित कुछ अरब देश परोक्ष या अपरोक्ष रूप में सीरिया तथा इराक़ में सक्रिय आतंकवादियों का समर्थन करते आ रहे हैं किंतु हालिया कुछ महीनों से वे स्वयं आतंकवादी विस्फोटों के साक्षी रहे हैं जिसका एक उदाहरण कुवैत के अस्सवाबिर क्षेत्र में स्थित इमाम सादिक़ मस्जिद में होने वाला विस्फोट है जिसमें 27 लोग मारे गए थे और 227 अन्य घायल हुए थे।