स्वयंसेवी बल देश के लिए गौरव हैं- इराक़
इराक़ के विदेश मंत्रालय के सऊदी अरब के विदेशमंत्री के बयान को महत्वहीन बताते हुए कहा है कि इराक़ी स्वयंसेवी बल पूरे देश की प्रतिष्ठा का कारण हैं।
इराक़ के विदेशमंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान जारी करके स्वयंसेवी बलों के बारे में सऊदी विदेशमंत्री के बयान को महत्वहीन बताया। इस बयान में कहा गया है कि इराक़ी स्वयंसेवी बलों के बारे में सऊदी अरब के विदेशमंत्री आदिल अलजुबैर का बयान, इराक़ी जनता के प्रति उनके द्वेष को दर्शाता है। बयान के अनुसार इराक़ी स्वंयसेवी बल देश की सरकार और जनता के साथ आतंकवादियों के विरुद्ध संघर्ष में सहभागी हैं।
दूसरी ओर इराक़ के राष्ट्रीय महागठबंधन के प्रमुख अम्मार हकीम ने कहा कि दाइश के विरुद्ध इराक़ी स्वयंसेवी बलों की विजय के साथ ही उनकी भर्त्सना में सऊदी विदेशमंत्री का बयान उनकी मानसिकता को दर्शाता है। ज्ञात रहे कि आतंकवादी गुट दाइश के विरुद्ध इराक़ी स्वयंसेवी बलों या हश्दुश्शाबी की उल्लेखनीय विजय के बाद से सऊदी अरब की ओर से इस बल की भर्त्सना आरंभ हो गई है।
गुरूवार को सऊदी अरब के विदेशमंत्री ने रियाज़ में एक संवाददाता सम्मेलन में इराक़ के स्वयंसेवी बलों पर जातिवाद का आरोप लगाया था।