सऊदी अरब व इराक़ के कूटनैतिक संबंधों में कमी
इराक़ से सऊदी अरब के राजदूत सामिर सबहान के निकल जाने के बाद रियाज़ ने बग़दाद से अपने कूटनैतिक संबंधों का स्तर कम कर दिया है।
इराक़ की ओर से सऊदी अरब से बग़दाद में अपने राजदूत को बदलने की मांग के बाद रियाज़ ने अब्दुल अज़ीज़ शम्मरी को सब्हान के स्थान पर इराक़ में अपने प्रभारी राजदूत के रूप में नियुक्त किया है। सऊदी संचार माध्यमों के अनुसार रियाज़ इससे पहले शम्मरी को बग़दाद में अपने राजदूत के रूप में नियुक्त करना चाहता था। शम्मरी पहले जर्मनी में सऊदी अरब के सैन्य अताशी थे।
कुछ महीने पूर्व इराक़ के विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब को एक औपचारिक पत्र लिख कर सामिर सब्हान द्वारा कूटनैतिक क़ानूनों का पालन न किए जाने और इराक़ के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप पर आपत्ति की थी और रियाज़ से मांग की थी कि वह बग़दाद में अपने राजदूत को बदल दे। अब सऊदी अरब ने अब्दुल अज़ीज़ शम्मरी को सब्हान के स्थान पर इराक़ में अपना प्रभारी राजदूत नियुक्त किया है और कहा जा रहा है कि इराक़ भी सऊदी अरब से अपने राजदूत को वापस बुला कर इस देश से अपने कूटनैतिक संबंधों को प्रभारी राजदूत के स्तर तक घटा देगा। (HN)