मूसिल की स्वतंत्रता के लिए व्यापक अभियान आरंभ
मूसिल को दाइश से स्वतंत्र कराने के उद्देश्य से व्यापक सैन्य अभियान आरंभ हो चुका है।
अलआलम टीवी चैनेल की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी के आदेश पर सेना और स्वयंसेवी बलों ने मिलकर यह सैन्य अभियान आरंभ कर दिया। अभियान के आरंभ होते ही इराक़ की सेना ने मूसिल पर बमबारी आरंभ की जबकि स्वयंसेवी बलों ने दाइश की सुरंगों पर मिज़ाइलों से हमले किये। सैनिक सूत्रों का कहना है कि मूसिल को स्वतंत्र कराने के उद्देश्य से 350 लक्ष्यों को दृष्टिगत रखा गया है।
अभियान के कमाण्डर अब्दुल ग़नी अलअसदी ने मूसिल वासियों से मांग की है कि वे अपने घरों में बने रहें और घरों से बाहर न निकलें। इसी बीच कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इराक़ी सेना का हमला आरंभ होते ही दाइश के कई कमांडर सीरिया के रक़्क़ा नगर की ओर भाग गए।
इसी बीच इराक़ के संसद सभापति सलीम अलजबूरी ने मूसिल की स्वतंत्रता के लिए आरंभ किये गए सैन्य अभियान का स्वागत किया है।