हमास ने किया जेहादे इस्लामी के प्रस्ताव का स्वागत
फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध आन्दोलन हमास ने फ़िलिस्तीनियों की स्थिति में सुधार के उद्देश्य से जेहादे इस्लामी संगठन की ओर से दिये गए दस सूत्रीय प्रस्ताव का स्वागत किया है।
फ़ार्स समाचार एजेन्सी के अनुसार हमास ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए घोषणा की है कि इस प्रस्ताव से फ़िलिस्तीनियों की स्थिति में सुधार आ सकता है। हमास ने इसी प्रकार सभी फ़िलिस्तीनी गुटों से मांग की है कि वे जेहादे इस्लामी संगठन के प्रस्ताव का समर्थन करें। जेहादे इस्लामी संगठन के महासचिव "रमज़ान अब्दुल्लाह" ने शुक्रवार को इस संगठन के गठन की 29वीं वर्षगांठ पर फ़िलिस्तीनियों की स्थिति को सुधारने के बारे में एक प्रस्ताव पेश किया।
उन्होंने अपने इस प्रस्ताव में कहा है कि फ़िलिस्तीनियों की स्थिति को सुधारने के लिए यह काम अवश्य किये जाएं। ओस्लो समझौते के साथ ही अरब शांति योजना को भी निरस्त किया जाए, ज़ायोनी शासन को मान्यता देने की बात को रद्द किया जाए तथा ज़ायोनी शासन के अधिकारियों के विरुद्ध अन्तर्राष्ट्रीय न्यायालय में मुक़द्दमे चलाए जाएं। (QR)