इराक़ में सैनिक उपस्थिति बनाए रखेंगेः तुर्की
तुर्की के प्रधानमंत्री ने कहा है कि इराक़ की ओर से दी जाने वाली चेतावनियों के बावजूद हम इराक़ में अपनी सैन्य उपस्थिति जारी रखेंगे।
बिन अली येलदरम ने शनिवार को कहा कि हालिया दिनों में इराक़ ने तुर्की को कुछ चेतावनियां तो दी हैं किंतु हमने उन पर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि किसी को भी हमसे यह कहने का अधिकार नहीं है कि हम क्षेत्रीय स्थिति के बारे में चिंता न करें। तुर्की के प्रधानमंत्री ने इराक़ी प्रधानमंत्री के बयान को भड़काऊ बताते हुए कहा कि उनका देश किसी की भी धमकियों से डरने वाला नहीं है। तुर्की वहां पर अपनी उपस्थिति को बाक़ी रखेगा।
तुर्की के प्रधानमंत्री बिन अली येलदरम ने यह बात एेसी स्थिति में कही है कि जब शनिवार को इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने अपने देश में तुर्क सैनिकों की उपस्थिति की आलोचना करते हुए कहा है कि आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष में तुर्की ने अब तक इराक़ के साथ कोई सहयोग नहीं किया और वह अपने निजी हितों के लिए इराक़ी भूमि में मौजूद है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष में जब हमने तुर्की से सहायता के लिए कहा तो उसने इराक़ की कोई सहायता नहीं की।
उल्लेखनीय है कि तुर्की ने गत दिसम्बर में 20 टैंकों के साथ अपने 150 सैनिक इराक़ भेजे थे जो उत्तरी मूसिल में इराक़ की बाशीक़ा छावनी में मौजूद हैं। इस बात को लेकर तुर्की और इराक़ के बीच गंभीर मतभेद उत्पन्न हो गए हैं। (QR)