तुर्की को इराक़ की पुनः चेतावनी
इराक़ के प्रधानमंत्री ने एक बार फिर तुर्की को चेतावनी दी है कि वह इराक़ में भड़काऊ कार्यवाहियों से दूर रहे।
हैदर अलएबादी ने बुधवार को पश्चिमी मूसिल के तलअफ़र नगर के कुछ प्रतिष्ठित लोगों से मुलाक़ात में कहा कि अगर तुर्की ने कोई ग़लती की तो उसे उसकी क़ीमत चुकानी पड़ेगी और उसे अपने अतिक्रमण पर इराक़ की ओर से भरपूर जवाब मिलेगा। उन्होंने तलअफ़र को इराक़ का हृदय बताते हुए कहा कि आतंकियों ने मतभेद भड़का कर इस क्षेत्र की जनता की एकता व एकजुटता को तोड़ने का बहुत प्रयास किया लेकिन उनके सभी प्रयास विफल रहे।
यह भी पढ़ें: इराक़ की धमकी के बाद तुर्की ने अपने सैनिक स्थानांतरित करने का किया फ़ैसला
इराक़ी सेना के सुप्रीम कमांडर ने कुछ राजनैतिक धड़ों की आलोचना करते हुए कहा कि कुछ लोग तुर्की को ग़लत सूचनाएं दे कर अन्कारा को इराक़ में हस्तक्षेप के लिए उकसा रहे हैं लेकिन उन्हें यह पता होना चाहिए कि तुर्की, इराक़ में अपने हितों की प्राप्ति के चक्कर में है। इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने अमरीका के नेतृत्व वाले कथित अंतर्राष्ट्रीय गठजोड़ के बारे में कहा कि आतंकवाद से संघर्ष के संबंध में बड़ा नाम होने के बावजूद इस गठजोड़ ने मूसिल की स्वतंत्रता के अभियान में कोई क़दम नहीं उठाया है और इराक़ की सरकार को भी उसकी कोई ज़रूरत नहीं है क्योंकि इराक़ के सपूत, अपनी धरती को स्वतंत्र कराने की शक्ति रखते हैं। (HN)