दाइश के चंगुल से ऐतिहासिक निमरूद शहर हुआ आज़ाद
मूसिल नगर की आज़ादी के अभियान के कमांडर ने घोषणा की है कि नैनवां प्रांत में स्थित ऐतिहासिक निमरूद शहर को आज़ाद करा लिया गया है।
मूसिल आप्रेशन कमांडर अब्दुल अमीर रशीद यारुल्लाह ने घोषणा की है कि इराक़ी सेना और स्वयंसेवी बलों के जवानों ने मूसिल के दक्षिण पूर्व में स्थित ऐतिहासिक शहर निमरूद को तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश से आज़ाद करा लिया गया। उल्लेखनीय है कि मूसिल से 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित निमरूद शहर पिछले दो साल से दाइश के नियंत्रण में था। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार तकफ़ीरी आतंकवादियों ने ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध निमरूद शहर को भारी नुक़सान पहुंचाया है।
दूसरी ओर इराक़ी स्वयंसेवी बल के जवानों ने तलअफ़र शहर के निकटवर्ती क्षेत्रों में स्थित तीन गांवों से दाइश के आतंकियों ख़देड भगाया।
यह भी पढ़ें: मूसिल में दाइश के विरुद्ध सेना की प्रगति जारी
इस बीच इराक़ी सेना ने दाइश के एक सरग़ना, ख़ालिद अल-मोएतेवेती को मूसिल के अल-इंतेसार क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में मार गिराया। इराक़ के नैनवां प्रांत से प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार, इराक़ी सेना स्वयंसेवी बलों के जवानों के साथ मिलकर मूसिल नगर में दाइश के विरूद्ध व्यापक सैन्य कार्यवाही जारी रखे हुए है, साथ ही एक के बाद एक आतंकियों के क़ब्ज़े वाले क्षेत्रों को मुक्त करा रहे हैं।
ज्ञात रहे कि जिन क्षेत्रों में आतंकवादी, इराक़ी सेना व स्वयंसेवी बलों के जवानों के घेरे में आ गए हैं उन क्षेत्रों में दाइश के आतंकवादी सेना की कार्यवाहियों की गति को कम करने के लिए उस क्षेत्र की जनता को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। (RZ)