मसऊद बारेज़ानी को इराक़ी सरकार का जवाब
इराक़ी प्रधानमंत्री के कार्यालय ने कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख मसऊद बारेज़ानी के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि दाइश के चंगुल से स्वतंत्र होने वाले नैनवा प्रांत के क्षेत्रों के बारे में इराक़ी कुर्दिस्तान के साथ कोई समझौता नहीं हुआ है।
इराक़ी प्रधानमंत्री के कार्यालय ने गुरूवार को एक बयान में बल दिया कि अरबील और बग़दाद के मध्य होने वाला पूर्व का समझौता परिवर्तन योग्य नहीं है और इस समझौते के आधार पर पीशमर्गा बल मूसिल सिटी की पूर्ण स्वतंत्र के बाद उन क्षेत्रों से पीछे हटेंगे जो मूसिल सिटी की स्वतंत्रता के अभियान के दौरान स्वतंत्र हुए हैं।
इराक़ी प्रधानमंत्री के कार्यालय बयान के आधार पर कुर्द पीशमर्गा बल को मूसिल सिटी की स्वतंत्रता के अभियान के आरंभ होने से पहले वाले अपने मोर्चों की ओर पलटना होगा। इराक़ी कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख मसऊद बारेज़ानी ने दाइश के चंगुल से स्वतंत्र होने वाले बाशीक़ा शहर का दौरा करने के बाद कहा था कि कुर्द बलों ने जिन क्षेत्रों को दाइश के चंगुल से स्वतंत्र कराया था उससे वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने विवादित बयान देते हुए दावा किया कि उन्होंने अमरीकियों के साथ समझौता किया कि जिन क्षेत्रों को कुर्द पीशमर्गा स्वतंत्र कराएंगे, वहां वह बने रहेंगे।
17 अक्तूबर 2016 को मूसिल सिटी की स्वतंत्रता का अभियान आरंभ होने से पहले मसऊद बारेज़ानी बग़दाद गये और उन्होंने इस आप्रेशन सहित विभिन्न मुद्दों पर प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी से बातचीत की और उसके बाद मीडिया में यह बात सामने आई कि दोनों पक्षों के मध्य सहमति हो गयी है। यह यात्रा संवेदनशील चरण में हुई और इससे इराक़ी समाज में राजनैतिक एकता का पता चला।
इस राजनैतिक एकता और मूसिल सिटी के आप्रेशन में कामों के विभाजन से इराक़ियों को काफ़ी मदद मिली और उन्होंने विदेशियों के हस्तक्षेप के बिना मूसिल सिटी की स्वतंत्रता का अभियान आरंभ कर दिया। मूसिल सिटी की स्वतंत्रता के अभियान को एक महीना पूरा हुआ और इस दौरान सेना और स्वयं सेवी बलों तथा कुर्द पीशमर्गा ने कई महत्वपूर्ण सफलताएं अर्जित की। इन सफलताओं में सबसे महत्वपूर्ण तलअफ़र के सैन्य हवाई अड्डे की स्वतंत्रता थी। अभी इराक़ी जनता इस सफलता की ख़ुशियां ही मना रही थी कि मसऊद बारेज़ानी ने विवादित बयान देकर इराक़ के दुश्मनों को प्रसन्न कर दिया। अमरीका और क्षेत्र के कुछ पक्ष मूसिल सिटी की स्वतंत्रता के सफल अभियान से प्रसन्न नहीं है और वे अपने हितों को पूरा करने के लिए अवसरों के प्रयास में हैं और मसऊद बारेज़ानी का बिना सोचा समझा बयान, इन्हीं अवसरों में से एक है। (AK)