सऊदी अरब में तीन शिया मुसलमानों को मौत की सज़ा
सऊदी अरब की एक अदालत ने इस देश के तीन शिया कार्यकर्ताओं को मौत की सज़ा सुनाई है।
प्रेस टीवी की रिपोर्ट के अनुसार इन लोगों का संबंध शिया बाहूल्य क्षेत्र क़तीफ़ से है। न्यायालय ने इसी तरह एक अन्य शिया मुसलमान को बारह साल कारावास का दंड सुनाया है। इन सभी पर सऊदी सरकार के साथ सशस्त्र संघर्ष का आरोप लगाया गया है। सऊदी अरब के पूर्व में स्थित क़तीफ़ और अहसा के क्षेत्रों में हालिया वर्षों में धर्मगुरुओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को बड़ी संख्या में गिरफ़्तार किया गया है।
सऊदी अरब में लोगों की गिरफ़्तारी और उन्हें मौत की सज़ा एेसी स्थिति में जारी है कि जब लोगों को राजनैतिक कारणों और निराधारों आरोपों के अंतर्गत अपराधी ठहराया जा रहा हैै। सऊदी अरब में आतंकवाद से संघर्ष के नाम पर राजनैतिक व मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का व्यापक रूप से दमन और उन्हें मौत की सज़ा सुनाए जाने पर एम्नेस्टी इंटरनैश्नल और ह्यूमन राइट्स वाॅच जैसे मानवाधिकार संगठनों और संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव ने कड़ी आपत्ति जताई है। (HN)