यमन में स्वाधीनता दिवस के अवसर पर लोगों के प्रदर्शन
यमन की जनता ने देश के 49वें स्वाधीनता दिवस पर राजधानी सनआ में एकत्रित हो कर राष्ट्रीय मुक्ति सरकार के समर्थन की घोषणा की है।
यमन की उच्च क्रांतिकारी समिति के प्रमुख मुहम्मद अली हूसी और कुछ अन्य नेताओं, सैन्य अधिकारियों तथा नागरिक संगठनों व राजनैतिक दलों के नेताओं के आह्वान पर लोग बुधवार की शाम बड़ी संख्या में राजधानी सनआ में एकत्रित हुए। इस प्रदर्शन में भाग लेने वालों ने राष्ट्रीय मुक्ति सरकार के गठन का समर्थन किया और कहा कि यह प्रदर्शन, उन बलिदानों की याद दिलाता है जो यमनी राष्ट्र ने साम्राज्य और अतिग्रहणकारियों से मुक्ति के लिए दिए हैं।
इस समारोह में भाग लेने वालों ने कहा कि सऊदी अरब व अमरीका के हमलों के जारी रहने और यमन के घेराव के बावजूद स्वाधीनता दिवस के इस कार्यक्रम का आयोजन, इस दिन के महत्व को दर्शाता है। ज्ञात रहे कि सऊदी अरब ने 26 मार्च 2015 से यमन पर हमले शुरू कर रखे हैं जिनमें अब तक दस हज़ार से अधिक यमनी नागरिक मारे जा चुके हैं। (HN)