विश्व समुदाय, आतंकवाद से मुक़ाबले के लिए एकजुट होः सीरिया
सीरिया के विदेश मंत्री ने कहा है कि विश्व समुदाय को आतंकवाद से संघर्ष और उसके समूल सफ़ाए पर अपना ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
वलीद मुअल्लिम ने सीरिया के मामलों में चीन के विशेष दूत शिये शियावयान से मुलाक़ात में कहा कि विश्व समुदाय को आतंकवाद के समर्थक देशों व सरकारों विशेष कर तुर्की, सऊदी अरब और क़तर को आतंकवाद से संघर्ष के बारे में संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रस्तावों के सम्मान पर बाध्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दमिश्क़, आतंकवाद से संघर्ष जारी रखेगा और उसे अपनी क्षमताओं पर पूरा भरोसा है। सीरिया के विदेश मंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय संगठनों में सीरिया के बारे में चीन की नीतियों की सराहना करते हुए हलब से सभी आतंकियों के बाहर निकले बिन इस नगर में संघर्ष विराम की स्थापना के सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव को वीटो करने के कारण चीन और रूस का आभार प्रकट किया।
इस मुलाक़ात में सीरिया के मामलों में चीन के विशेष दूत शिये शियावयान ने कहा कि उनका देश सीरिया में शांति व स्थिरता की बहाली का इच्छुक है और उसे आशा है कि सीरियाई पक्षों के बीच वार्ता के माध्यम से इस देश के संकट का कोई न कोई राजनैतिक समाधान निकल आएगा। उन्होंने कहा कि सीरिया के भविष्य के निर्धारण का अधिकार सिर्फ़ इस देश की जनता को है। (HN)