ईरान हमें हथियार नहीं दे रहा हैः अब्दुल्लाह सालेह
यमन के पूर्व राष्ट्रपति ने कहा है कि सऊदी अरब ने इस बहाने से यमन पर हमला किया कि अंसारुल्लाह संगठन का संबंध ईरान से है लेकिन इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
अली अब्दुल्लाह सालेह ने कहा कि यह सऊदी अरब था जिसने निराधार बहाने से यमन में एक असमान युद्ध आरंभ करने की योजना तैयार की थी। उन्होंने कहा कि जबतक अमरीका की ओर से सऊदी अरब का सामरिक समर्थन जारी रहेगा तबतक युद्ध रुकवाने के बारे में होने वाली वार्ताएं निष्फल रहेंगी। यमन के पूर्व राष्ट्रपति ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि उनके और अंसारुल्लाह के नेतृतव वाले बलों का ईरान से कोई संबंध नहीं है, कहा कि इस समय यमन अत्यंत बुरी आर्थिक स्थिति में ग्रस्त है।
अली अब्दुल्लाह सालेह ने इसी तरह कुछ अंतर्राष्ट्रीय संगठनों द्वारा उनके बलों और अंसारुल्लाह जनांदोलन पर युद्ध अपराधों के संबंध में लगाए जाने वाले आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब और उसका गठजोड़ युद्ध अपराधी है जो यमन के आम नागरिकों पर हमले कर रहे हैं। (HN)