इस्तांबोल में दो धमाके, 27 पुलिसकर्मियों सहित 29 हताहत 166 घायल
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i30991-इस्तांबोल_में_दो_धमाके_27_पुलिसकर्मियों_सहित_29_हताहत_166_घायल
तुर्की के इस्तांबोल शहर में 2 बम हमलों में कम से कम 29 लोग हताहत और 166 अन्य घायल हुए।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ११, २०१६ ०५:३१ Asia/Kolkata
  • इस्तांबोल में दो धमाके, 27 पुलिसकर्मियों सहित 29 हताहत 166 घायल

तुर्की के इस्तांबोल शहर में 2 बम हमलों में कम से कम 29 लोग हताहत और 166 अन्य घायल हुए।

तुर्की के गृह मंत्री सुलैमान सोएलू के अनुसार, पहला धमाका कार बम का था। यह धमाका शनिवार को बेसिकतास स्टेडियम के बाहर हुआ जबकि दूसरा आत्मघाती हमला था। आत्मघाती ने क़रीब में मौजूद पार्क में ख़ुद को धमाके से उड़ा लिया।

तुर्क गृह मंत्री ने कहा कि स्टेडियम के बाहर धमाके में पुलिस बस को निशाना बनाया गया। यह धमाका इस स्टेडियम के एक अहम फ़ुटबाल मैच के बाद हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि माका पार्क में होने वाला धमाका आत्मघाती था।

तुर्क गृह मंत्री ने बताया कि इन धमाकों के संबंध में अब तक 10 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है।

10 दिसंबर 2016 को इस्तांबोल धमाके में तबाह हुयी गाड़ी की तस्वीर

 

उधर तुर्क राष्ट्रपति रजब तय्यब अर्दोग़ान ने जो धमाके के वक़्त शहर में मौजूद थे, कहा कि ये धमाके मैच के समय किए गए ताकि ज़्यादा से ज़्यादा जानी नुक़सान हो।

उन्होंने कहा, “एक बार फिर इस्तांबोल में आतंकवाद का बुरा चेहरा सामने आया जो हर प्रकार के मूल्य व नैतिकता को पैरों तले कुचल रहा है।”

रिपोर्ट मिलने तक किसी गुट ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी नहीं ली थी।

नेटो महासचिव येन्स स्टोलटेनबर्ग ने भी इन धमाकों की आतंकी कृत्य के रूप में भर्त्सना की है।

10 दिसंबर 2016 को मध्य इस्तांबोल में धमाके के बाद घटना स्थल पर स्ट्रैचर पर घायल पुलिस का जवान

 

ज्ञात रहे पिछले डेढ साल से तुर्की हमलों के निशाने पर रहा है। इनमें से ज़्यादातर हमलों के लिए तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश, पीकेके और दूसरे कुर्द गुटों पर आरोप लगते रहे हैं।

जून में इस्तांबोल के अतातुर्क एयरपोर्ट पर दाइश के हमले में कम से कम 41 लोग हतहत और 240 अन्य घायल हुए थे। (MAQ/N)