सीरिया का अलेप्पो शहर हुआ पूरी तरह आज़ाद
सीरियाई सेना ने स्ट्रैटिजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर अलेप्पो या हलब के पूरी तरह से आज़ाद होने की पुष्टि की है। यह शहर विदेश समर्थित आतंकियों का मुख्य गढ़ समझा जाता था।
संवाददाता के अनुसार, सीरियाई सेना ने एलान किया कि पूर्वी हलब से आतंकियों को उनके अंतिम गढ़ से खदेड़ कर यह शहर 5 साल बाद आतंकियों के पूरी तरह क़ब्ज़े से आज़ाद हो गया।
इस रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार की शाम तक पूर्वी हलब के सिर्फ़ तीन इलाक़ों पर आतंकियों का क़ब्ज़ा बचा था, इन तीन इलाक़ों से आतंकियों को खदेड़ने के साथ ही पूर्वी हलब पूरी तरह सीरियाई सेना के नियंत्रण में आ गया। पश्चिमी हलब पहले ही से सीरियाई सेना के नियंत्रण में था।
कुछ रिपोर्टों में हलब में छिटपुट घटनाओं का उल्लेख किया गया है।
इस बीच हलब की आज़ादी के बाद इस शहर के नागरिक आतंकियों के मुक़ाबले में सीरियाई सेना की जीत का जश्न मनाने के लिए सड़कों पर आए और एक दूसरे को बधाई दी।
दूसरी ओर हलब में पराजित होने के बाद आतंकी एक-दूसरे पर ग़द्दारी का इल्ज़ाम लगा रहे थे।
सीरियाई सेना दो दिन पहले से यह कह रही थी कि हलब की आज़ादी निकट है। हालिया हफ़्तों में आतंकियों को हलब में भारी पराजय हुयी थी। आतंकियों के समर्थकों ने बहुत कोशिश की कि विभिन्न बैठकों के ज़रिए पूर्वी हलब में सीरियाई सेना और उसके घटकों की कार्यवाही को रुकवाएं।
(MAQ/N)