इस्राईल की ख़ुफ़िया एजेंसी के प्रमुख ने ट्रम्प से मुलाक़ात की
ज़ायोनी शासन की गुप्तचर सेवा मुसाद के प्रमुख ने एक सुरक्षा प्रतिनिधि मंडल के साथ अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प से मुलाक़ात करके क्षेत्र के अहम सुरक्षा विषयों के बारे में बात की है।
इस्राईली समाचारपत्र यदीऊत अहारनूत के अनुसार मुसाद के चीफ़ यूसी कोहेन ने हाल ही में अमरीका की यात्रा करके ईरान के परमाणु समझौते, सीरिया में जारी युद्ध और फ़िलिस्तीन समस्या जैसे अहम विषयों पर ट्रम्प और उनकी टीम के साथ वार्ता की है। इस रिपोर्ट के अनुसार इस्राईली प्रतिनिधि मंडल ने ट्रम्प को यह भी समझाने की कोशिश की कि उन्हें संयुक्त राष्ट्र संघ में फ़िलिस्तीनियों के प्रस्ताव को वीटो कर देना चाहिए।फ़िलिस्तीनियों के इस प्रस्ताव में अतिग्रहित क्षेत्रों में ज़ायोनी शासन के अवैध निर्माण को रोकने के लिए विश्व समुदाय की ओर से इस्राईल को अलग-थलग करने की मांग की गई है।
ज्ञात रहे कि मुसाद के चीफ़ के साथ जाने वाले प्रतिनिधि मंडल में शामिल लोगों का चयन, ज़ायोनी प्रधानमंत्री बेनयामिन नेतनयाहू ने स्वयं किया था। उन्होने सुरक्षा परिषद में इस्राईल के प्रतनिधि याकूफ़ नागल को इसका प्रमुख बनाया था। इससे पहले नेतनयाहू ख़ुद भी चुनाव प्रचार के दौरान ट्रम्प से मुलाक़ात कर चुके हैं। (HN)