मूसिल में अबू बक्र बग़दादी का क़रीबी सहयोगी गिरफ़तार
इराक़ में दाइश के विरुद्ध जारी आप्रेशन में कुछ महत्वपूर्ण कामयाबियां मिली हैं और दाइश के सरग़ना अबू बक्र बग़दादी का क़रीबी सहयोगी कहा जाने वाला आतंकी कमांडर गिरफ़तार हुआ है।
इराक़ी मीडिया के अनुसार सेना और स्वयंसेवी बलों ने मंगलवार को पूर्वी मूसिल में एक आप्रेशन किया जिसमें 15 दाइशी आतंकी गिरफ़तार कर लिए गए जिनमें अबू हारिस अलमतयूनी नाम का बड़ा आतंकी सरग़ना भी शामिल है जो अबू बक्र बग़दादी का क़रीबी सहयोगी बताया जाता है।
उत्तरी मूसिल में इराक़ी बलों ने आतंकी संगठन दाइश की सुरंगों के जाल का पता लगाकर उसे ध्वस्त कर दिया।
इराक़ी इंटेलीजेन्स ने भी अपनी कार्यवाही करते हुए दाइश के एक कारख़ाने को ध्वस्त कर दिया जहां बम बनाए जाते थे।
इराक़ के आतंकवाद निरोधक बल के कमांडर फ़ाज़िल बरवारी का कहना है कि दो महीने में मूसिल को आतंकियों से आज़ाद करा लिया जाएगा।
इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने भी कहा कि इराक़ के सभी क्षेत्रों में आतंकी संगठन दाइश के पूर्ण सफ़ाए का समय क़रीब आ गया है।