विश्व समुदाय आतंकी हमलों पर घड़ियाली आंसू बहाता हैः तुर्की
तुर्की के उप प्रधानमंत्री ने कहा है कि विश्व समुदाय, आतंकी हमलों पर घड़ियाली आंसू बहाता है और उनकी निंदा करता है जबकि वह स्वयं आतंकी गुटों का समर्थन करता है।
तुर्की के उप प्रधानमंत्री और सरकार के प्रवक्ता नोमान कोरतोलमोश ने अन्कारा में मंत्रीमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आतंकी चाहे जितने भी षड्यंत्र रचें हम, देश के भीतर और बाहर आतंकवाद से लड़ने का दृढ़ संकल्प रखते हैं। उन्होंने कहा कि तुर्की सीरिया के अलबाब और मंबज शहरों में अपनी कार्यवाहियां जारी रखेगा और इन क्षेत्रों को आतंकियों से साफ़ करने के प्रयास करता रहेगा।
तुर्की के उप प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद, धर्मों व मतों के बीच मतभेद पैदा करने की कोशिश कर रहा है और तुर्क राष्ट्र भली भांति जानता है कि आतंकवाद का न तो कोई धर्म होता है और न ही कोई अंतरात्मा और आतंकी चाहे जितने हमले करें इससे तुर्क राष्ट्र पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। नोमान कोरतोलमोश ने कहा कि हालिया आतंकी घटना के बारे में मिलने वाली सूचनाएं अत्यंत संवेदनशील हैं और अब तक इस संबंध में 8 लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है और सुरक्षा बलों को हमला करने वाले आतंकी के फ़िंगर प्रिंट और पहचान मिल गई है। (HN)