यमन में अनेक सऊदी एजेंट ढेर
यमन की सेना और स्वयं सेवी बलों की कार्यवाहियों में अनेक सऊदी एजेंट मारे गए हैं।
अलआलम टीवी की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को यमन के उत्तरी प्रांत जौफ़ के मसलूब क्षेत्र में होने वाली झड़पों में 6 सऊदी एजेंट मारे गए जिनमें उनके दो सरग़ना भी शामिल हैं। इसी तरह यमनी बलों ने यमन व दक्षिणी सऊदी अरब की सीमा पर स्थित सऊदी अरब के सीमावर्ती क्षेत्र जीज़ान पर तोपख़ाने से फ़ायरिंग की जिसमें कई सऊदी सैनिक हताहत और घायल हो गए। अलमसीरा टीवी ने बताया है कि यमनी फ़ोर्सिज़ ने जीज़ान की मुन्तज़ेह छावनी पर मार्टर गोलों और तोपख़ाने से फ़ायरिंग की जिसमें कई सऊदी सैनिक मारे गए और कई अन्य घायल हो गए।
दूसरी ओर सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने मआरिब, हज्जा और हुदैदा जैसे प्रांतों पर हवाई हमले किए जिनमें 9 असैनिक मारे गए। यमन के सैन्य अधिकारियों ने भी बताया है कि सऊदी गठजोड़ के युद्धक विमानों के हमले में 5 आम नागरिक मारे गए हैं। (HN)