इस्राईल ने घटाई राष्ट्रसंघ की सहायता राशि
इस्राईल ने घोषणा की है कि उसकी नीतियों के विरोध के कारण संयुक्त राष्ट्र संघ को दी जाने वाली मदद में 60 लाख डॉलर की कटौती की जा रही है।
इस्राईल का कहना है कि वह 2017 में संयुक्त राष्ट्र को दी जाने वाली आर्थिक सहायता में 60 लाख डॉलर तक की कटौती कर रहा है।
संयुक्त राष्ट्र में ज़ायोनी शासन के राजदूत डैनी डैनन ने अपने एक वक्तव्य में कहा कि ज़ायोनी शासन के विरुद्ध काम करने वाली संस्थाओं की आर्थिक मदद करना अनैतिक काम है। संयुक्त राष्ट्र में ज़ायोनी शासन के प्रतिनिधि ने कहा कि 20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद राष्ट्र संघ में इस्राईल विरोधी गतिविधियों को समाप्त करने को लेकर बहुत से क़दम उठाए जाऐंगे।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद की ओर से फिलीस्तीनी क्षेत्रों में ज़ायोनी शासन की ओर से अवैध बस्तियों के निर्माण को समाप्त करने संबंधी प्रस्ताव पारित किए जाने का विरोध करते हुए इस्राईल ने संयुक्त राष्ट्र को दी जाने वाली आर्थिक सहायता में 60 लाख डॉलर तक की कटौती की घोषणा की है।
23 दिसम्बर को हुए इस मतदान में प्रस्ताव के पक्ष में कुछ 14 वोट पड़े जबकि एक सदस्य के तौर पर अमेरिका ने वोट नहीं दिया था। अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप ने वाशिग्टन से इस प्रस्ताव को वीटो करने को कहा था।