देश आर्थिक संकट का शिकारः सऊदी वित्तमंत्री की स्वीकारोक्ति
सऊदी अरब के वित्तमंत्री ने यह बात स्वीकार की है कि उनका देश आर्थिक संकट का शिकार हो चुका है।
सऊदी अरब के वित्तमंत्री मोहम्मद अलजदआन ने इस देश की ख़स्ताहाल अर्थव्यवस्था और बजट घाटे के संदर्भ में कहा है कि वास्तविकता यह है कि आर्थिक संकट सऊदी अरब को अपनी चपेट में ले रहा है। अलजदआन ने देश में बड़े पैमाने पर ख़र्चों में कटौती की वकालत की और कहा है कि सब्सिडी के लिए नई नीतियां बनाने की ज़रूरत है।
अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में तेल की कम क़ीमतों की ओर संकेत करते हुए सऊदी अरब के वित्तमंत्री का कहना था कि वर्तमान समय में तेल से होने वाली आय से हम अब कर्मचारियों का वेतन भी अदा नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि अगर यही प्रक्रिया जारी रहती है तो कुछ वर्षों के भीतर हम बड़ी आर्थिक समस्या में फंस सकते हैं जिससे देश के आर्थिक विकास की रफ़्तार सुस्त पड़ जाएगी।
ज्ञात रहे कि इससे पहले कई आर्थिक विशेषज्ञ और आर्थिक मामलों के जानकार यह कह चुके हैं कि सऊदी अरब का आर्थिक संकट बहुत गंभीर चरण में पहुंच गया है किंतु यह पहली बार है कि जब स्वयं सऊदी अरब के वित्तमंत्री ने यह बात स्वीकार की है कि वहां पर आर्थिक संकट पाया जाता है। यमन पर हमला करने के बाद से सऊदी अरब की आर्थिक स्थिति दिन-प्रतिदिन ख़राब होती जा रही है।