अमरीकी दूतावास के बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरण पर फ़िलिस्तीनियों का प्रदर्शन
अमरीकी दूतावास को तेलअवीव से बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित करने के अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के फ़ैसले के विरुद्ध सैकड़ों फ़िलिस्तीनियों ने जार्डन नदी के पश्चिमी तट के केन्द्र रामल्लाह में व्यापक प्रदर्शन किए।
हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शन में शामिल फ़िलिस्तीनियों ने अमरीकी दूतावास के स्थानांतरित होने को, अमरीका द्वारा बस्तियों के निर्माण के समर्थन की एक शैली बताया जिसकी आलोचना, सुरक्षा परिषद तक ने की है।
इसी मध्य बैतुल मुक़द्दस के सर्वोच्च इस्लामी प्रतिनिधिमंडल ने एक बयान जारी करके कहा है कि अमरीकी दूतावास का तेलअवीव से बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित होना, इस शहर के ईसाईयों और मुसलमानों के समस्त अधिकारों की अनदेखी के समान है।
इस बयान के आधार पर अमरीका की नीति, विश्व समुदाय की नीति से विरोधाभास रखती है जो बैतुल मुक़द्दस को अतिग्रहित समझता है।
अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अप्रैल 2016 में दूतावास को तेलअवीव से बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित करने की योजना को छह महीने के लिए स्थगित कर दिया था।
अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अपने चुनावी अभियान के दौरान इस देश के दूतावास को तेलअवीव से बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित करने का वादा किया था जिसपर पूरी दुनिया और फ़िलिस्तीनी पक्षों की ओर से कड़ी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। (AK)