सामर्रा के आसपास दाइश के कई ठिकाने तबाह
इराक़ के पवित्र नगर सामर्रा के निकटवर्ती क्षेत्रों में स्थित दाइश के कई गुप्त ठिकानों को स्वयंसेवी बलों ने नष्ट कर दिया है।
फ़ारस समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ के शहर सामर्रा के उपनगरीय क्षेत्रों में तैनात स्वयंसेवी बलों अर्थात हश्दुश्शाबी ने हुवैजा और मसीरा क्षेत्र में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के गुप्त ठिकानों को नष्ट कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दाइश के आतंकी इन ठिकानों को इराक़ी सेना और आम नागरिकों के ख़िलाफ़ हमलों में इस्तेमाल करते थे, इस कार्यवाही में कम से कम 34 आतंकवादी मारे गए और दसियों अन्य घायल हुए।
एक अन्य ख़बर के अनुसार नैनवां प्रांत के आतंकवाद निरोधक दल के कमांडर अबदुल अमीर रशीद यारुल्लाह ने कहा है कि इराक़ के आतंकवाद विरोधी बलों ने पूर्वी मूसिल की विभिन्न संस्थाओं के कार्यालय, डाकख़ाने और दूसरी सरकारी व ग़ैर सरकारी इमारतों को आतंकवादियों के कब्ज़े से मुक्त करा लिया है। उन्होंने बताया कि हमारे जावनों ने आतंकवादियों को भारी जानी व आर्थिक नुक़सान पहुंचाने के अलावा दाइश के कब्ज़े से मुक्त कराई गई इमारतों पर इराक़ी धव्ज लहरा दिया है।
इसी बीच लेबनान के अलमयादीन टीवी चैनल ने भी घोषणा की है कि इराक़ी सेना ने पूर्वी मूसिल में अल-ज़बात नामक क्षेत्र को आतंकवादियों के कब्ज़े से मुक्त करा लिया है।
उल्लेखनीय है कि मूसिल को आज़ाद कराने का अभियान पिछले वर्ष 17 अक्टूबर को इराक़ के प्रधानमंत्री और कमांडर एंड चीफ़ हैदर अल-ऐबादी के आदेश से शुरू किया है जिसके दौरान अब तक मूसिल के कई क्षेत्रों को मुक्त कराया जा चुका है। (RZ)