सऊदी अरब की पुलिस यातना से मानवाधिकार कार्यकर्ता की मौत
सऊदी अरब में पुलिस हिरासत में यातना से एक मानवाधिकार कार्यकर्ता की मौत हो गई।
स्वतंत्र मानवाधिकार गुटों का कहना है कि सऊदी अरब के क़तीफ़ के एक थाने में एक मानवाधिकार कार्यकर्ता की मौत हो गई।
इस रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब के 45 साल के मानवाधिकार कार्यकर्ता हबीब हसन अलअक़ीली की पूर्वी सऊदी अरब के क़तीफ़ इलाक़े में स्थित तारूत पुलिस थाने में मौत हो गयी। सऊदी अधिकारियों ने इस रिपोर्ट के सामने आने पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि अलअक़ीली ने ख़ुदकुशी की है।
दूसरी ओर मानवाधिकार कार्यकर्ता के परिजनों ने सऊदी अरब के दावों को ख़ारिज करते हुए कहा है कि ऐसा पहली बार नहीं है जब आले सऊद शासन ने ऐसा अपराध किया है। रिपोर्ट के अनुसार अलअक़ीली को पिछले हफ़्ते एक वर्जित क्षेत्र में नाव चलाने के दौरान गिरफ़्तार किया गया था।
सऊदी अरब के पूर्वी क्षेत्र में पिछले वर्षों के दौरान आले सऊद शासन की भेदभावूर्ण नीतियों के ख़िलाफ़ जनता का प्रदर्शन जारी था। इन प्रदर्शनों पर आले सऊद शासन के सुरक्षा कर्मियों ने हमेशा बल प्रयोग किया और नागरिकों को गिरफ़्तार किया।
रियाज़ अब तक दसियों मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को पूर्वी क्षेत्र से गिरफ़्तार और अनेक को मौत की सज़ा दे चुका है। पिछले साल सऊदी अरब के वरिष्ठ शिया धर्मगुरु शैख़ निम्र बाक़िर अन्निम्र को मौत की सज़ा की पूरी दुनिया में भर्त्सना हुयी थी। (MAQ/N)