यमन में सऊदी अरब के दसियों एजेन्ट ढेर
यमन की सेना और स्वयंसेवी बलों ने दक्षिणी यमन के शबवा प्रांत में आले सऊद शासन के एजेन्टों की प्रगति को रोकते हुए दसियों एजेन्टों को ढेर कर दिया है।
अलमसीरा टीवी चैनल ने सैन्य सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी है कि सऊदी अरब के एजेन्टों ने सोमवार को दक्षिणी प्रांत शबवा के असीलान क्षेत्र की ओर प्रगति का प्रयास किया जिसको सेना और स्वयंसेवी बलों ने समय रहते ही विफल बना दिया। यमनी सेना और स्वयंसेवी बलों की कार्यवाही में सऊदी अरब के 37 एजेन्ट मारे गये जबकि 23 अन्य घाय हो गये।
इस रिपोर्ट में बताया गया है कि इस पराजय और भारी नुक़सान के बाद सऊदी अरब के एजेन्टों में भीषण मतभेद पैदा हो गया है। यमनी सेना ने इसी प्रकार सोमवार को सऊदी अरब की एक बक्तरबंद गाड़ी को तबाह कर दिया।
यमनी सैनिक एेसी स्थिति में अपनी धरती की रक्षा कर रहे हैं कि सऊदी अरब और उसके अरब घटकों के युद्धक विमानों ने दक्षिणी तइज़ के ज़ोबाब शहर के अलउमरी क्षेत्र पर भीषण बमबारी की है। इस हमले में कई आम नागरिक हताहत हुए जबकि आवासीय क्षेत्रों को भारी नुक़सान पहुंचा है।
अलआलम टीवी चैनल ने रिपोर्ट दी है कि यमनी सेना ने तइज़ के अलमख़ा तट पर सऊदी अरब की अतिक्रमणकारी नौका को निशाना बनाया जिसमें सऊदी अरब के कई सैनिक मारे गये।
ज्ञात रहे कि यमन एक निर्धन अरब देश है जिसपर पिछले दो साल से सऊदी अरब और उसके अरब घटक व्यापक हमले कर रहे हैं। इन हमलों में 11 हज़ार से अधिक यमनी नागरिकों के हताहत, दसियों हज़ार के घायल होने, लाखों लोगों के बेघर होने और देश के आधार भूत ढांचे के तबाह होने के अतिरिक्त कोई अन्य परिणाम नहीं निकला।
राष्ट्र संघः यमन पर सऊदी हमलों में अब तक 10 हज़ार लोग मारे जा चुके हैं
सऊदी अरब 26 मार्च 2015 से यमन पर व्यापक स्तर पर हमले कर रहा है जिसका मूल लक्ष्य इस देश के त्यागपत्र दे चुके राष्ट्रपति हादी मंसूर को सत्ता में पहुंचाना है किन्तु यमनी सेना और स्वयंसेवी बलों के कड़े प्रतिरोध के कारण सऊदी अरब अपने किसी भी लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सका है। (AK)