सीरिया की सीमा पर हिज़्बुल्लाह की कार्यवाही, दर्जनों आतंकी ढेर
लेबनान के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हिज़्बुल्लाह ने सीरिया की पूर्वोत्तरी सीमा पर आतंकियों के एकत्रित होने के ठिकाने पर कार्यवाही की जिसमें दर्जनों आतंकी हताहत व घायल हुए हैं।
अलमनार टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, हिज़्बुल्लाह आंदोलन के जनसंपर्क विभाग ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि प्रतिरोधकर्ताओं ने रासे बालाबक गांव के वादिए सहरीज क्षेत्र में आतंकियों के ठिकानों पर मीज़ाइल से हमला किया।
हिज़्बुल्लाह के जवानों ने लगभग एक महीना पहले तुफ़ैल गांव में आतंकी गुट अहरारुश्शाम के ठिकाने पर हमला किया था जिसमें आतंकियों को भारी जानी व माली नुक़सान पहुंचा था।
नुस्रा फ़्रंट से नाम बदल कर फ़त्हुश्शाम आतंकी संगठन ने अगस्त 2014 को लेबनान के उर्रसाल शहर पर कुछ दिनों तक नियंत्रण करने के बाद कई लेबनानी सैनिकों को बंधक बना लिया था। इस आतंकी संगठन ने लगभग तीस लेबनानी सैनिकों को बंधक बनाया जिनमें से अधिकतर को स्वतंत्र करा लिया गया है।
हिज़्बुल्लाह के जवान लेबनानी सेना के साथ मिलकर अगस्त 2014 से देश की पूर्वोत्तरी सीमा पर आतंकी गुटों से लोहा ले रहे हैं और देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं।
हिज़्बुल्लाह के जियाले अब तक देश में आतंकी गुट दाइश के कई हमलों को विफल बना चुके हैं। (AK)