यमन, मख़ा शहर और बंदरगाह पर भीषण झड़पें, क़ब्ज़े का खंडन
यमन के जनांदोलन अंसारुल्लाह ने दक्षिणी प्रांत तइज़ के मख़ा शहर और बंदरगाह पर मंसूर हादी के सैनिकों के नियंत्रण से संबंधित समाचारों का खंडन किया है।
यमन प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, यमनी सेना के प्रवक्ता शरफ़ ग़ालिब लुक़मान ने स्पूतनिक समाचार एजेन्सी से बात करते हुए सऊदी एजेन्टों के दावों को निराधार बताया है और कहा कि झड़पें जारी हैं और सऊदी एजेन्ट अभी तक मख़ा शहर नहीं पहुंच सके। यमन की सेना के एक सूत्र ने बताया है कि यमन की सेना और स्वयं सेवी बलों ने पिछले 48 घंटे के दौरान तइज़ प्रांत के पश्चिमी तट की ओर सऊदी एजेन्टों की प्रगति रोक दी। इस सूत्र का कहना है कि यमनी सेना ने अपनी कार्यवाही के दौरान सऊदी अरब के एजेन्टों की दसियों गाड़ियों को तबाह कर दिया जिसके दौरान दसियों एजेन्ट मारे गये तथा दर्जनों को बंदी बनाया गया है।
रिपोर्टों में बताया गया है कि यमन के त्यागपत्र दे चुके राष्ट्रपति मंसूर हादी के समर्थक लड़ाकों ने सऊदी अरब के युद्धक विमानों की भीषण बमबारी में कई क्षेत्रों में प्रगति की थी। सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने मख़ा शहर, अलजदीद, कदहा तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में 300 से अधिक हवाई हमले किए हैं। इससे पहले यमन के त्यागपत्र दे चुके राष्ट्रपति मंसूर हादी के समर्थक लड़ाकों ने मख़ा शहर पर नियंत्रण की सूचना दी थी। (AK)