इराक़, मूसिल में दाइश के दसियों आतंकवादी ढेर
मूसिल में आतंकवादियों के ठिकानों पर इराक़ी वायु सेना के हमले में दाइश के दर्जनों आतंकी मारे गए।
फ़ार्स समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ी सेना ने गुरुवार को एक बयान जारी करके घोषणा की है कि वायुसेना के विमानों ने पश्चिमी मूसिल के क़ीरवान क्षेत्र में स्थित दाइश के ठिकानों पर हमला करके कम से कम 40 आतंकवादियों को मार गिराया है।
प्राप्त समाचारों के अनुसार इराक़ी वायु सेना ने इस हमले में दाइश के आतंकियों की तीन गाड़ियों को भी नष्ट कर दिया साथ ही गड़ियों में सवार सभी आतंकवादी मारे गए।
दूसरी ओर इराक़ी सरकार ने मूसिल में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के कब्ज़े से मुक्त होने वाले क्षेत्रों में पुनर्निर्माण की प्रक्रिया और अन्य गतिविधियां शुरू कर दीं हैं। मूसिल में आतंकवाद निरोधक अभियान के एक वरिष्ठ सदस्य अब्दुल वहाब अल-साअदी ने कहा है कि पूर्वी मूसिल के अधिकांश क्षेत्रों में बिजली व पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई जबकि अन्य सुविधाएं भी बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस बीच पश्चिमी इराक़ के अल-अंबार प्रांत में इराक़ी सेना के एक कमांडर नोमान अब्दुल ज़ूबेई ने बताया है कि हदीसा क्षेत्र में इराक़ी सेना की बमबारी में दाइश के 5 आतंकवादियों का मार गिराया है। (RZ)