आतंकवाद से लड़ने वालों को दंडित करना चाहता है अमरीका
इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति ट्रंप का हालिया विवादित आदेश आतंकी संगठन दाइश के फ़ायदे में है।
हैदर अलएबादी ने मंगलवार को बग़दाद में एक संवाददाता सम्मेलन में प्रवासियों के प्रवेश को रोकने वाले ट्रंप के कार्यकारी आदेश की आलोचना करते हुए कहा कि ट्रंप सरकार ने सात इस्लामी देशों के नागरिकों के अमरीका में प्रवेश पर रोक लगाई है जो दाइश से मुक़ाबल करने में व्यस्त लोगों को दंड देने के समान है और ट्रंप का आदेश आतंकवाद से पीड़ित राष्ट्रों पर संदेह की उंगली उठाने के अर्थ में है।
इससे पहले इराक़ की संसद ने भी ट्रंप के आदेश की निंदा की और अमरीकी सरकार से कहा कि वह अपने फ़ैसले पर पुनर्विचार करे। संसद ने बग़दाद सरकार से कहा है कि यदि वाशिंग्टन अपने विवादित आदेश पर पुनर्विचार नहीं करता तो अमरीका को उसी के अंदाज़ में जवाब देते हुए इराक़ से अमरीकी सैनिकों को बाहर निकाल दिया जाना चाहिए।
इराक़ में अमरीका के 4 हज़ार 800 से अधिक सैनिक मौजूद हैं।