संयुक्त राष्ट्रः इराक़ में दाइश के गिनती के दिन बचे हैं,
इराक़ के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत ने मूसिल में जारी लड़ाई की वर्तमान स्थिति के मद्देनज़र कहा है कि बहुत जल्द इराक़ से दाइश का सफ़ाया हो जाएगा।
संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद में बयान देते हुए जैन क्युबिस ने कहा कि मूसिल में आतंकी संगठन आम नागरिकों को मानव ढाल के रूप में प्रयोग कर रहा है जिसके कारण सेना की प्रगति बहुत धीमी है। उन्होंने कहा कि इराक़ में दाइश के दिन अब गिनती के ही रह गए हैं।
क्युबिस ने कहा कि मूसिल के पूर्वी भाग में इराक़ी सेना की धीमी प्रगति का यह मतलब नहीं था कि लड़ाई बहुत चुनौतीपूर्ण थी, इराक़ी सेना ने आम नागरिकों को बचाने के लिए सावधानी से प्रगति की है। उन्होंने कहा कि शहर के पश्चिमी भाग में भी सेना धीरे धीरे इलाक़ों को आज़ाद करा रही है।
संयुक्त राष्ट्र संघ के दूत ने कहा कि आतंकी संगठन जान बूझ कर आम नागरिकों को निशाना बना रहा है ताकि वह आतंकियों के नियंत्रण वाले इलाक़ों से भागने न पाएं।
मूसिल आप्रेशन के दौरान लगभग 1 लाख 90 हज़ार लोग विस्थापित हुए जिनमें से 30 हज़ार आम नागरिक पूर्वी मूसिल की आज़ादी के बाद अपने घरों को लौट चुके हैं।
क्युबिस ने कहा कि जिन भागों में इस समय लड़ाई जारी है वहां भारी जोखिम है क्योंकि बड़ी संख्या में आम नागरिक उन इलाक़ों में मौजूद हैं इसी लिए मानवीय सहायता संगठनों ने हर संभावित स्थिति के लिए बड़े पैमाने पर तैयारी की है।
क्युबिस ने कहा कि दाइश का सफ़ाया हो जाने के बाद अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की ओर से इराक़ की लगातार मदद की जानी चाहिए।