“इराक़, दाइश के ख़िलाफ़ निर्णायक युद्ध लड़ रहा है”
अमरीकी रक्षा मंत्री जेम्स मैटिस ने बग़दाद में इराक़ी प्रधान मंत्री हैदर अल-अबादी के साथ मुलाक़ात की है।
इराक़ी प्रधान मंत्री ने अमरीकी रक्षा मंत्री के साथ मुलाक़ात में कहा है कि उनका देश पूरे विश्व की ओर से आतकंवादी गुट दाइश के ख़िलाफ़ एक निर्णायक जंग रड़ रहा है, इसलिए उसे विश्व समुदाय के समर्थन की ज़रूरत है।
इराक़ी प्रधान मंत्री के कार्यालय से जारी होने वाले एक बयान में कहा गया है कि बग़दाद में सोमवार को होने वाली इस मुलाक़ात में दोनों नेताओं ने सैन्य, सुरक्षा, दाइश के ख़िलाफ़ युद्ध और मूसिल के पश्चिमी इलाक़े को आज़ाद कराने के अभियान के बारे में विचार विमर्श किया।
इस मुलाक़ात में इराक़ी प्रधान मंत्री ने एक बार फिर बल देकर कहा कि दाइश के ख़िलाफ़ जारी लड़ाई में विदेशी सैनिक भाग नहीं ले रहे हैं, इस लड़ाई में केवल इराक़ी सैनिक और सैन्य अधिकारी सफलतापूर्वक अपने लक्ष्य प्राप्त कर रहे हैं।
अचानक इराक़ का दौरा करने वाले अमरीकी रक्षा मंत्री ने इस मुलाक़ात में कहा कि उनका देश आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में पूरी शक्ति के साथ इराक़ के साथ खड़ा है। msm