ग़ज़्जा पट्टी पर ज़ायोनी शासन का फिर हमला
ज़ायोनी सैनिकों ने पूर्वोत्तरी ग़ज़्ज़ा पट्टी के बैते हानून क्षेत्र पर तोपख़ानों से हमला किया है।
फ़िलिस्तीन की सरकारी समाचार एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार इस हमले में कोई नुक़सान तो नहीं हुआ किन्तु स्थानीय लोग भयभीत हो गये।
इसी मध्य ज़ायोनी सैनिकों ने शुक्रवार की शाम एक 16 वर्षीय फ़िलिस्तीन युवा को गोली मार कर घायल कर दिया।
फ़िलिस्तीनी सूत्रों ने इसी प्रकार रिपोर्ट दी है कि ज़ायोनी सैनिकों ने क़लक़ीलिया चेकपोस्ट पर फ़िलिस्तीन के धार्मिक व वक़फ़ मामलों के मंत्री यूसुफ़ अदीस को गिरफ़्तार करने और उनकी गाड़ी की जांच करने के बाद उन्हें स्वतंत्र कर दिया।
इस्राईली सैनिकों ने इसी प्रकार अलख़लील क्षेत्र में हरमे इब्राहीमी में नमाज़ अदा करने वालों पर ज़ायोनी सैनिकों के हमले की 23वीं बर्सी के अवसर पर होने वाले प्रदर्शन पर हमला करके कई फ़िलिस्तीनियों को घायल कर दिया।
ज्ञात रहे कि 25 फ़रवरी 1994 में ज़ायोनी चरमपंथी बारूख़ गोल्डस्टेन ने हरमे इब्राहीमी पर हमला करके फ़िलिस्तीनियों का जनसंहार किया था। इस हमले में 29 फ़िलिस्तीन शहीद और 150 अन्य घायल हुए थे। (AK)