इराक़, उत्तरी बाक़ूबा में दाइश का गुप्त ठिकाना तबाह
इराक़ के दजला आप्रेशन के कमान्डर ने उत्तरी बाक़ूबा के तेलाल हमरीन क्षेत्र में सेना द्वारा दाइश के गुप्त ठिकाने के तबाह होने की सूचना दी है।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार, दजला आप्रेशन के कमान्डर मज़हर अलएज़ावी ने कहा कि सोमवार को दियाला की पुलिस क़बाईली बलों की सहायता से उत्तरी बाक़ूबा से 70 किलोमीटर की दूरी पर स्थित तेलाल हमरीन में दाइश के एक गुप्त कैंप को तबाह करने मे सफल रही है।
उनका कहना था कि दाइश के इस गुप्त कैंप में बड़ी मात्रा में हथियार और गोले बारूद थे जिन्हें तबाह कर दिया गया। दजला आप्रेशन के कमान्डर मज़हर अलएज़ावी ने कहा कि दजला आप्रेशन ने दाइश के आतंकियों का पीछा करने और आतंकियों के केन्द्र का पता लगाने और उन्हें तबाह करने को अपनी कार्यसूची में शामिल किया है।
दूसरी ओर इराक़ी सेना ने पश्चिमी मूसिल में अपनी प्रगति जारी रखते हुए जूसक़ क्षेत्र के दसियों आम नागरिकों को दाइश के चंगुल से स्वतंत्र कराने में सफलता प्राप्त की । दाइश के आतंकी इन लोगों को मानवीय ढाल के रूप में प्रयोग कर रहे थे।
इराक़ से एक अन्य समाचार यह है कि सेना ने घोषणा की है कि अज्ञात विमान पश्चिमी मूसिल के दाइश के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में पैराशूट के माध्यम से हथियारों की खेप गिरा रहे हैं। सेना का कहना है कि इस प्रकार हथियारों की खेप का गिराया जाना पहली बार नहीं है। सेना ने इस मामले में प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी से हस्तक्षेप की मांग की है। (AK)