पश्चिमी मूसिल में सेना की प्रगति जारी, आतंकी फ़रार
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i37756-पश्चिमी_मूसिल_में_सेना_की_प्रगति_जारी_आतंकी_फ़रार
इराक़ की फ़ेडरल पुलिस के प्रमुख ने कहा है कि पुलिस और टास्क फ़ोर्स ने पश्चिमी मूसिल के तीन भागों में प्रविष्ट होने की कार्यवाही आरंभ कर दी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar ०५, २०१७ १४:०३ Asia/Kolkata
  • पश्चिमी मूसिल में सेना की प्रगति जारी, आतंकी फ़रार

इराक़ की फ़ेडरल पुलिस के प्रमुख ने कहा है कि पुलिस और टास्क फ़ोर्स ने पश्चिमी मूसिल के तीन भागों में प्रविष्ट होने की कार्यवाही आरंभ कर दी है।

इराक़ी मीडिया ने फ़ेडरल पुलिस के प्रमुख शाकिर जौदत के हवाले से सूचना दी है कि फ़ेडरल पुलिस ने दनदान, दवाबेसा और नबी शीस के क्षेत्रों से पश्चिमी मूसिल में घुसने की कार्यवाही अचानक रविवार को आरंभ कर दी है।

इस ताज़ा प्रगति से पुलिस फ़ोर्स, व्यवहारिक रूप से पश्चिमी मूसिल के केन्द्रीय क्षेत्र बाबे तूब से जहां सरकारी कार्यालय हैं, संपर्क में आएगी।

इराक़ी सेना ने पिछले सप्ताह मूसिल के पश्चिमी क्षेत्र में दाइश की अग्रिम पंक्ति को तोड़ते हुए दो महत्वपूर्ण मोहल्लों जूसक़ और वादिए हजर को स्वतंत्र करा लिया था।

ज्ञात रहे कि इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी के आदेश से पश्चिमी मूसिल को स्वतंत्र कराने की कार्यवाही मध्य फ़रवरी से आरंभ हुई। इन कार्यवाहियों में इराक़ की एक लाख संयुक्त सेना और सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। (AK)