आले ख़लीफ़ा शासन को बहरैनी जनता की चेतावनी
बहरैनी जनता ने शनिवार की शाम एक बार फिर वरिष्ठ धर्मगुरु शैख़ ईसा क़ासिम के समर्थन में प्रदर्शन कर आले ख़लीफ़ा शासन को इस हस्ती के साथ किसी भी तरह के अपमान की ओर से चेतावनी दी।
समाचार एजेंसी फ़ार्स के अनुसार, ऐसी हालत में जब शैख़ ईसा क़ासिम के ख़िलाफ़ मुक़द्दमे की सुनवाई को एक दिन बचा है, बहरैनी जनता ने अपने प्रदर्शनों से एक बार फिर शैख़ ईसा क़ासिम का साथ देने पर बल दिया।
शनिवार को ये प्रदर्शन मुसल्ला, दिया, नुवैदरात, कर्ज़कान, अलबिलादुल क़दीम, अबू सैबअ, अश्शाख़ूरा, सार और सनाबिस में आयोजित हुए जिनमें जनता ने आले ख़लीफ़ा शासन की अत्याचारपूर्ण नीतियों की भर्त्सना की। इनमें से कुछ क़स्बों में बहरैनी जनता ने सड़कों पर टायर जलाकर अपना आक्रोश जताया।
इसी प्रकार बहरैनी जनता ने शैख़ ईसा क़ासिम के घर के सामने हज़रत अब्बास अलैहिस्सलाम की मां के स्वर्गवास की बरसी पर शोक समारोह आयोजित किया।
आले ख़लीफ़ा शासन काले धन को सफ़ेद बनाने के आरोप में बहरैन के वरिष्ठ धर्मगुरु शैख़ ईसा क़ासिम के ख़िलाफ़ मंगलवार को मुक़द्दमे की सुनवाई करने वाला है। इससे पहले बहरैनी जनता के व्यापक प्रदर्शन के कारण आले ख़लीफ़ा शासन शैख़ ईसा क़ासिम के ख़िलाफ़ मुक़द्दमे की कार्यवाही को विलंबित करने पर मजबूर हुआ। (MAQ/N)